अधीर रंजन चौधरी के काफिले में शामिल वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर
अधीर रंजन चौधरी के काफिले में शामिल वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर
कोलकाता, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के काफिले में शामिल एक वाहन को बुधवार शाम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रेत से लदे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बहरामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे चौधरी इस घटना में बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा कंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाटपाड़ा के पास बहरामपुर-कांडी राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब चौधरी अनुकूल आश्रम इलाके में जनसभा और रोड शो के बाद बहरामपुर लौट रहे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रक अनियंत्रित होकर काफिले में शामिल वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर के कारण वाहन का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का आगे का शीशा भी टूट गया।
चौधरी ने इसे दुर्घटना बताते हुए कहा, “यह हादसा था। वाहन में मौजूद कर्मी सुरक्षित हैं। यह बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन हम बाल-बाल बच गए।”
भाषा
राखी पारुल
पारुल

Facebook


