आदिलाबाद में सैन्य एवं असैन्य विमानों के संयुक्त परिचालन वाला हवाई अड्डा बनेगा: किशन रेड्डी

Ads

आदिलाबाद में सैन्य एवं असैन्य विमानों के संयुक्त परिचालन वाला हवाई अड्डा बनेगा: किशन रेड्डी

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 01:14 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 01:14 PM IST

हैदराबाद, 19 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने शनिवार को कहा कि तेलंगाना के आदिलाबाद में रक्षा और असैन्य, दोनों ही उद्देश्यों के लिए एक संयुक्त-उपयोग वाला हवाई अड्डा बनाया जाएगा।

रेड्डी ने कहा कि आदिलाबाद में वायुसेना का बेस, प्रशिक्षण केंद्र, कार्यालय, टाउनशिप और रिहायशी परिसर भी बनाए जाएंगे।

केंद्रीय कोयला और खान मामलों के मंत्री ने यहां संवाददाताओं को बताया कि नए बनने वाले हवाई अड्डे से असैन्य विमानों का भी परिचालन होगा।

किशन रेड्डी ने कहा कि उन्होंने, दूसरे केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने आदिलाबाद में हवाई अड्डा बनाने को लेकर चर्चा की है।

उन्होंने कहा कि हवाई अड्डा बनाने का काम तेज़ी से करने के लिए राज्य सरकार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे।

मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डा 1500 एकड़ जमीन पर बनेगा।

किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना के वारंगल में प्रस्तावित हवाई अड्डे के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है और हवाई अड्डे की इमारतों का नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया आखिरी चरण में है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हवाई अड्डे के लिए ‘भूमि पूजन’ करने की संभावना है।

भाषा धीरज रंजन

रंजन