नागोया, 19 सितंबर (भाषा) चोटी की निशानेबाज मनु भाकर ने शनिवार को अपने साथी भारतीय खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे एशियाई खेलों की तैयारियों की अव्यवस्था को उजागर करने में अपना समय और ऊर्जा बर्बाद नहीं करें और इसके बजाय प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करें।
भारत सहित कई देशों के खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए की गई व्यवस्था की आलोचना की है। इनमें आवास से जुड़ी समस्या सबसे प्रमुख है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा जारी एक वीडियो संदेश में भाकर ने कहा,‘‘मैं भारत के अपने सभी साथी खिलाड़ियों से कहना चाहती हूं कि हमें कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। मैंने सोशल मीडिया पर कुछ मुद्दे देखे हैं और लोग मुझे बता रहे हैं कि ये मुद्दे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सामने चाहे कितनी भी समस्याएं हों, यह शायद जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर और अनुभव है। हमें शिकायत करने के बजाय इस समय का आनंद लेना चाहिए।’’
मनु ने कहा, ‘‘हमने अपनी तरफ से पूरी तैयारी की है, इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करनी चाहिए। यहां तक पहुंचने के लिए हमने बहुत मेहनत की है और हमें सही और गलत बताने में अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए। पदक मिले या न मिले, यह अलग बात है, लेकिन हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।’’
पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली 24 वर्षीय मनु को उद्घाटन समारोह में भारतीय दल के दो ध्वजवाहकों में से एक के रूप में नामित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मुझे इस बात का पता चला (कि मुझे ध्वजवाहक के रूप में चुना गया है), तो मुझे अपने शुरुआती दिनों की याद आ गई। यह वाकई गर्व और सम्मान की बात है।’’
भाषा
पंत
पंत