दिल्ली एसआईआर में विसंगतियों को लेकर आडवाणी, जयशंकर और चुनाव आयुक्त संधू समेत कई लोगों को नोटिस
दिल्ली एसआईआर में विसंगतियों को लेकर आडवाणी, जयशंकर और चुनाव आयुक्त संधू समेत कई लोगों को नोटिस
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और चुनाव आयुक्त एस. एस. संधू उन कई प्रमुख लोगों में शामिल हैं, जिन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता विवरण में “विसंगतियों” के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
एसआईआर के तहत 97 लाख से अधिक मतदाताओं की मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद, मतदाताओं द्वारा जमा कराए गए गणना प्रपत्र में दर्ज विवरण में “विसंगतियों” को लेकर 33.13 लाख नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें से अधिकांश नोटिस उन मामलों में जारी किए गए हैं, जहां मतदाताओं का विवरण वर्ष 2002 के पिछले एसआईआर के रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा है।
रविवार देर शाम जारी एक बयान में नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय ने कहा कि चुनाव आयुक्त एस. एस. संधू के विवरण का सत्यापन हो चुका है। उनके द्वारा जमा कराए गए दस्तावेजों की जांच के बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
ईआरओ ने कहा, “भारत के चुनाव आयुक्त एस. एस. संधू से संबंधित निर्वाचन प्रविष्टि का पहले ही सत्यापन किया जा चुका है और इसे एसी-38 (दिल्ली कैंट) की अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए रखा गया है।”
राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल और उनकी पत्नी को भी “पिछले एसआईआर से मेल नहीं खाया” श्रेणी में नोटिस जारी किया गया है। सिब्बल ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए एसआईआर को वोटों का “विशेष गहन विलोपन” करार दिया।
हालांकि, दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने कहा कि मतदाता विवरण में विसंगतियां पाए जाने पर उन्हें सुधारने के लिए सिस्टम द्वारा स्वतः नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
नोटिस पाने वाले मतदाताओं की सूची दिल्ली सीईओ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, नोटिस पाने वाले या जल्द नोटिस पाने वाले प्रमुख लोगों में विदेश सचिव विक्रम मिस्री, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, जेएनयू के पूर्व कुलपति एम. जगदीश कुमार, दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व नीति आयोग उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, सेबी के अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे, पूर्व सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी और सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद शामिल हैं।
नोटिस पाने वाले अधिकांश प्रमुख मतदाता नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
दिल्ली सीईओ कार्यालय ने स्पष्ट किया कि नोटिस जारी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदाता सूची से संबंधित व्यक्ति का नाम हटा दिया जाएगा।
आडवाणी (98), उनकी बेटी प्रतिभा और बहू गीतिका को वर्ष 2002 की एसआईआर मतदाता सूची से उनके नाम का मिलान न हो पाने के बाद नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि उनके बेटे जयंत ने मिलान प्रक्रिया पूरी कर ली थी। ये चारों नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।
जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सुनहरी बाग इलाके के मतदाता हैं, उन्हें भी नोटिस मिले हैं।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश को भी नोटिस दिए गए हैं।
चुनाव आयुक्त एस एस संधू को उनके नाम में अंतर के कारण नोटिस जारी किया गया है, जबकि उनके बेटे दमनबीर को माता-पिता के नाम में फर्क के कारण नोटिस दिया गया है। वे दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी को भी नोटिस जारी किया गया है।
सिसोदिया, उनकी पत्नी सीमा और बेटे मीर को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, हालांकि निर्वाचन आयोग ने सिसोदिया को नोटिस भेजने का कोई कारण नहीं बताया, लेकिन मीर के नोटिस में ‘उनके माता-पिता के नाम में विसंगति’ का उल्लेख है। उनकी पत्नी सीमा के नोटिस में दिया गया कारण ‘उनके नाम में फर्क’ है।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


