कस्तूरीरंगन रिपोर्ट: शिवकुमार ने कहा, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल किसानों की राय केंद्र तक पहुंचाएगा
कस्तूरीरंगन रिपोर्ट: शिवकुमार ने कहा, सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल किसानों की राय केंद्र तक पहुंचाएगा
हासन, 20 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को कहा कि राज्य विधानसभा में कस्तूरीरंगन रिपोर्ट पर चर्चा के बाद, विधायकों और सांसदों के साथ एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर इस रिपोर्ट पर किसानों की राय से उन्हें अवगत कराएगा।
पश्चिमी घाट के पर्यावरण की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों पर कस्तूरीरंगन रिपोर्ट के बारे में सकलेशपुरा में स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए शिवकुमार ने कहा कि केंद्र ने कर्नाटक से इस मामले पर 27 सितंबर तक जवाब देने को कहा है।
उन्होंने कहा, “हम विधानसभा में (सोमवार से शुरू होने वाले विशेष सत्र के दौरान) कस्तूरीरंगन रिपोर्ट पर चर्चा करेंगे और फैसला लेने के बाद, लोगों की राय प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों तक पहुंचाने के लिए विधायकों और सांसदों का सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल लेकर जाएंगे।”
शिवकुमार ने कहा कि उनकी सरकार लोगों की चिंताएं सुनने और उनकी आवाज उठाने के लिए उनके दरवाजे तक आई है।
उन्होंने कहा, “इससे पहले सिद्धरमैया के कार्यकाल में कर्नाटक ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था। वहीं, पड़ोसी राज्यों ने कई उपायों के ज़रिए कुछ बदलाव किए हैं।”
भाषा पारुल नरेश
नरेश

Facebook


