भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे उत्तर प्रदेश, चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे उत्तर प्रदेश, चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को उत्तर प्रदेश के दो दिन के दौरे पर जाएंगे, जहां वह अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें करेंगे।
भाजपा के अनुसार, चुनाव से पहले युवाओं से संपर्क के पार्टी के प्रयासों के तहत, नवीन मेरठ में स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मंगल्य सभागार में युवा सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। अपने दौरे के दौरान नवीन उत्तर प्रदेश में चुनाव की तैयारियों से संबंधित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और सम्मेलनों का नेतृत्व करेंगे।’’
पार्टी ने कहा कि नवीन स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में युवाओं को संबोधित करेंगे। विश्वविद्यालय परिसर में वह उत्तर प्रदेश भाजपा के पश्चिमी क्षेत्र में सक्रिय ‘शक्ति केंद्रों’ के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष मंगलवार को मेरठ में ‘‘प्रमुख हस्तियों और विशिष्ट लोगों’’ से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह सहारनपुर के लिए रवाना होंगे।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


