नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) वकीलों के एक समूह ने भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) के कामकाज में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए यहां इसके कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और इसके अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कानूनी पेशे से जुड़े लोगों ने कई मांगें उठाईं, जिनमें ‘अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम’ को लागू करना, सभी वकीलों को बीमा सुरक्षा प्रदान करना और विधि कॉलेजों का नियमित एवं पारदर्शी निरीक्षण शामिल है।
प्रदर्शन का आह्वान ‘ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन’ ने किया था, जिसे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने समर्थन दिया।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब नालसार विश्वविद्यालय के छात्रों ने भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत को अपने दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बनाने का विरोध किया। इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बीसीआई अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने एक परिपत्र जारी कर राज्य बार परिषदों को इन छात्रों का बतौर वकील पंजीकरण न करने के निर्देश दे दिए।
हालांकि, कानूनी पेशे से जुड़े लोगों की आलोचनाओं और सीजेआई सूर्यकांत द्वारा बीसीआई को लगाई गई कड़ी फटकार के बाद मिश्रा को यह आदेश वापस लेना पड़ा। सीजेआई ने स्पष्ट किया कि यह मामला छात्रों और उनके बीच का संवाद है, जिसके बाद बीसीआई अध्यक्ष ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए कानून के छात्रों से माफी मांगी।
भाषा सुमित मनीषा
मनीषा