पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बाद अमित शाह गंगासागर गए, सैनिकों के लिए प्रार्थना की
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बाद अमित शाह गंगासागर गए, सैनिकों के लिए प्रार्थना की
कोलकाता, 27 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में व्यस्त चुनाव प्रचार के बाद, सोमवार को हुगली नदी और बंगाल की खाड़ी के पवित्र संगम पर स्थित गंगासागर गए और भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए प्रार्थना की।
शाह ने दक्षिण 24 परगना के गंगासागर में कहा, ‘‘ मैंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हर भारतीय को हमारे सुरक्षा बलों के साहस पर गर्व है, जो देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देते हैं।’’
ऐतिहासिक कपिलमुनि मंदिर में शाह ने पूजा-अर्चना की और देश के कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने ज्ञान, त्याग और तपस्या के प्रतीक महर्षि कपिल से देशवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना की। उनका जीवन और दर्शन हर भारतीय के लिए प्रेरणा है।’’
उन्होंने हिंदी और बांग्ला में लिखे अपने संदेशों में कहा, ‘‘ मुझे इस पवित्र स्थान पर प्रार्थना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जहां गंगा समुद्र से मिलती है। पवित्र गंगा मन को अपार शांति और आध्यात्मिक आनंद से भर देती है। मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें।’’
हुगली नदी गंगा की सबसे पश्चिमी सहायक नदी है।
शाह ने ये यात्रा पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता द्वारा महीनों तक किए गए ज़ोरदार प्रचार के बाद कीं।
मतदान का दूसरा और अंतिम चरण 29 अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था। वोटों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा शोभना माधव
माधव

Facebook


