चंडीगढ़, दो अगस्त (भाषा) ग्लासगो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को भारत के शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पदक विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने देश को गौरवान्वित किया है।
शनिवार को मुक्केबाजों ने रिकॉर्ड सात स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा, जबकि जूडो खिलाड़ियों और पैरा ट्रैक एवं फील्ड एथलीटों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया।
शनिवार को मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में से छह हरियाणा के थे। इनमें प्रिया घंघास (60 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अंकुश पंघाल (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), जैसमीन लम्बोरिया (57 किग्रा) और प्रीति पवार (54 किग्रा) शामिल हैं।
पंजाब के कोटकपूरा में एक कार्यक्रम के दौरान सैनी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हरियाणा सहित भारतीय खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों की सफलता राज्य की समृद्ध खेल परंपरा और भारतीय मुक्केबाजी की बढ़ती ताकत का प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाते हैं और नशे से दूर रहते हैं, तो वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाते हैं।’’
सैनी ने हरियाणा के पदक विजेता मुक्केबाजों को बधाई देने के लिए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी कई पोस्ट किए।
भिवानी की मुक्केबाज प्रीति और जैसमीन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों ने अपने दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और अनुशासन से देश को गौरवान्वित किया है।
हिसार के अंकुश को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपके धैर्य, आक्रामक खेल और शानदार तकनीक ने जीत के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाया है। यह सफलता भारतीय मुक्केबाजी की समृद्ध परंपरा और हरियाणा की खेल संस्कृति का गौरवपूर्ण प्रतीक है।’’
भिवानी के सचिन की प्रशंसा करते हुए सैनी ने कहा, ‘‘चुनौती चाहे कितनी भी कठिन रही हो, आपने अपने कौशल और जुझारू जज्बे से हर राउंड में चैंपियन की पहचान स्थापित की। आपकी जीत हरियाणा की समृद्ध खेल परंपरा और भारतीय मुक्केबाजी की बढ़ती ताकत का शानदार प्रतीक है।’’
भिवानी की प्रिया के लिए अपने संदेश में उन्होंने कहा, ‘‘कड़े मुकाबलों के बीच आपके साहस, संयम और असाधारण कौशल ने स्वर्णिम सफलता का नया अध्याय लिखा है। रिंग में आपके प्रदर्शन ने भारतीय मुक्केबाजी की प्रतिष्ठा को और ऊंचा किया है तथा पूरे देश को गौरवान्वित किया है।’’
शनिवार शाम सैनी ने भिवानी की मुक्केबाज साक्षी को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी थी।
भाषा
राखी नरेश
नरेश