नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सोमवार को जामा मस्जिद इलाके में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद की जा रही है। अदालत ने ऐतिहासिक मुगलकालीन स्मारक जामा मस्जिद के आसपास अवैध निर्माण और अतिक्रमण का सर्वेक्षण कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए थे।
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नगर निगम ने सोमवार सुबह से ही जामा मस्जिद और उसके आसपास सार्वजनिक स्थानों तथा पार्क से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सार्वजनिक जगहों और उद्यानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। स्मारक के आसपास यह कार्रवाई की जा रही है।’’
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलाके के कम से कम तीन पार्क को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है।
यह कार्रवाई दिल्ली उच्च न्यायालय के उस निर्देश के बाद की जा रही है, जिसमें एमसीडी को जामा मस्जिद और उसके आसपास अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण का सर्वेक्षण करने और उन्हें हटाने के लिए उचित कार्रवाई करने को कहा गया था।
अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी की टीम सोमवार सुबह इलाके में पहुंचीं और स्मारक के आसपास सार्वजनिक जगहों पर कब्जा कर बनाए गए ढांचों तथा अन्य अतिक्रमणों को हटाना शुरू किया।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जामा मस्जिद के पास प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।’’
दिल्ली की प्रमुख मुगलकालीन ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल जामा मस्जिद में बड़ी संख्या में पर्यटक और नमाजी आते हैं। इसके आसपास भीड़भाड़ वाला कारोबारी इलाका है।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम की यह कार्रवाई जामा मस्जिद के आसपास अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन के तहत की जा रही है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा