पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत के बाद भाजपा प्रमुख ने कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की

Ads

पश्चिम बंगाल चुनाव में जीत के बाद भाजपा प्रमुख ने कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 01:19 PM IST

(तस्वीरों सहित)

नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में पार्टी की भारी जीत के एक दिन बाद मंगलवार को दक्षिण दिल्ली के चितरंजन पार्क स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

नवीन के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और भाजपा के अन्य नेता भी थे।

उन्होंने कहा कि लोगों ने इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों की भरपाई कर दी है, जब चुनाव के नतीजे उम्मीद के अनुरुप नहीं थे।

उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम और उन अन्य तीन राज्यों के लोगों का आभार व्यक्त किया जहां विधानसभा चुनाव हुए हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं मां काली और मां कामाख्या की पवित्र भूमि में पार्टी की जीत पर दर्शन करने आया हूं।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के विकास और विरासत एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए राष्ट्र नायक और प्रधान सेवक के रूप में लागातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना ​​है कि बंगाल की संस्कृति और विरासत केवल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही प्रगति कर सकती है।’

पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने 293 सीटों में से 206 सीटों पर जीत हासिल की है, वहीं असम चुनावों में भी पार्टी को भारी बहुमत से जीत मिली है।

भाषा शोभना वैभव

वैभव