चेन्नई, पांच मई (भाषा) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता टी के एस एलंगोवन ने मंगलवार को दावा किया कि अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) अकेले कांग्रेस के समर्थन से तमिलनाडु में सरकार नहीं बना सकती है।
उन्होंने पीटीआई-वीडियो को बताया कि कांग्रेस के पास केवल पांच विधायक हैं, इसलिए टीवीके उसके समर्थन से सरकार नहीं बना सकती।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को हुए थे। विजय के नेतृत्व वाली टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि द्रमुक और अन्नाद्रमुक को क्रमशः 59 और 47 सीटें मिलीं।
टीवीके को सरकार बनाने के लिए 234 सदस्यीय विधानसभा में 118 विधायकों की आवश्यकता है।
यह कहते हुए कि टीवीके को अन्नाद्रमुक के समर्थन की भी आवश्यकता होगी, एलंगोवन ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अन्नाद्रमुक को क्या निर्देश दिए हैं।’
उन्होंने कहा, ‘अगर अन्नाद्रमुक विजय का समर्थन नहीं करती है तो विधानसभा त्रिशंकु हो सकती है और दोबारा चुनाव कराने पड़ सकते हैं।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक की हार पर उन्होंने कहा कि “कुछ गड़बड़ हुई है, जिसकी हम जांच कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि सत्ता पर काबिज होना ही द्रमुक का एकमात्र एजेंडा नहीं है और पार्टी कई दशकों तक सत्ता में रही है।
एलंगोवन ने आरोप लगाया कि भाजपा नहीं चाहती कि द्रमुक सत्ता में आए।
उन्होंने दावा किया, ‘भाजपा ने तमिलनाडु में गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश की क्योंकि वह सत्ता में नहीं आ सकती।’
भाषा राखी मनीषा
मनीषा