नोएडा: प्रॉपर्टी डीलर की आत्महत्या के मामले में बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Ads

नोएडा: प्रॉपर्टी डीलर की आत्महत्या के मामले में बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 02:37 PM IST

नोएडा, पांच मई (भाषा) नोएडा में एक प्रॉपर्टी डीलर की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसकी बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी गीता की शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को अरुण विहार निवासी फूल सिंह यादव ने सेक्टर-26 स्थित जयपुरिया प्लाजा में अपने कार्यालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

सेक्टर-20 थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फूल सिंह की बहू रूबी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठे।

शिकायत के अनुसार, रूबी ने अपने भाई शुभम यादव के साथ मिलकर कई बार में करीब 15 लाख रुपये वसूले तथा 30 लाख रुपये की और मांग करने लगी।

इसमें यह भी आरोप लगाया गया है कि जब फूल सिंह ने रकम देने से इनकार किया तो रूबी ने थाना सेक्टर-39 में उनके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया।

कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर बहू रूबी, उसके भाई शुभम, नीरज, भाभी श्रीजी और पिता ओमवीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस बीच, पुलिस ने बताया कि रूबी ने छेड़छाड़ के मामले कुछ ऑडियो साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं और इस संबंध में उसने अदालत में भी बयान दर्ज कराया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं मनीषा खारी

खारी