एआई से क्रांतिकारी बदलाव आएगा, आंध्र प्रदेश जल्द दुनिया के लिए क्वांटम कंप्यूटर बनाएगा: नायडू
एआई से क्रांतिकारी बदलाव आएगा, आंध्र प्रदेश जल्द दुनिया के लिए क्वांटम कंप्यूटर बनाएगा: नायडू
नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से एक क्रांतिकारी बदलाव आएगा और उनका राज्य जल्द ही दुनिया के लिए क्वांटम कंप्यूटरों का उत्पादन करेगा।
नायडू ने यहां 11वें ‘रायसीना डायलॉग’ में कहा कि एआई से जल्द ही लोगों का दैनिक जीवन बदल जाएगा।
नायडू ने अधिक बच्चे पैदा करने को प्रोत्साहित करने के आंध्र प्रदेश के निर्णय का बचाव करने के लिए जनसांख्यिकीय लाभांश के महत्व पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश में गूगल एक गीगावाट डेटा सेंटर के लिए 15 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश कर रहा है, जो हाल के दिनों में सबसे बड़ा निवेश है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज हम सभी सिलिकॉन वैली के बारे में बात कर रहे हैं; भविष्य में लोग अमरावती में क्वांटम वैली के बारे में बात करेंगे… साल के अंत तक उत्पादन शुरू हो जाएगा और हम दुनिया को क्वांटम कंप्यूटर की आपूर्ति करेंगे।’’
आंध्र प्रदेश अमरावती में एक समर्पित ‘क्वांटम वैली टेक पार्क’ स्थापित कर रहा है, जिसका उद्देश्य क्वांटम कंप्यूटिंग अनुसंधान, विकास और विनिर्माण के लिए एक वैश्विक केंद्र बनना है।
नायडू ने कहा, ‘‘एआई की हर व्यक्ति के दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुझे विश्वास है कि इससे निकट भविष्य में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


