न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का विमान तकनीकी खराबी के कारण आयरलैंड की ओर मोड़ा गया
न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा एअर इंडिया का विमान तकनीकी खराबी के कारण आयरलैंड की ओर मोड़ा गया
नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहे एअर इंडिया के ए350 विमान को सोमवार को तकनीकी खराबी के कारण शैनन की ओर मोड़ दिया गया और व्यापक तकनीकी जांच के लिए विमान आयरलैंड के इस शहर में उतारा गया है।
सूत्रों के अनुसार, विमान में लगभग 300 लोग सवार थे और यह शैनन की ओर मोड़े जाने से पहले लगभग छह घंटे तक हवा में रहा।
एअरलाइन ने शाम को जारी एक अद्यतन बयान में कहा, ’15 मार्च को न्यूयॉर्क (जेएफके) से दिल्ली जा रहे विमान एआई102 को तकनीकी खराबी की आशंका के चलते एहतियाती तौर पर आयरलैंड के शैनन की ओर मोड़ दिया गया। एयर इंडिया के उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप विमान का वर्तमान में व्यापक तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसमें अतिरिक्त समय लगेगा।’
सूत्रों ने बताया कि विमान में कंपन और शोर उत्पन्न हुआ, जिसके बाद उसे शैनन की ओर मोड़ दिया गया।
इस विमान को अप्रैल 2024 में एअर इंडिया के बेड़े में शामिल किया गया था।
यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए एअर इंडिया ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि यात्री जल्द से जल्द अपनी दिल्ली की यात्रा जारी रख सकें।
इससे पहले दिन में एअरलाइन ने कहा कि विमान स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे शैनन हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं।
प्रवक्ता ने कहा, ‘तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।’
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान शैनन की ओर मोड़े जाने से पहले लगभग छह घंटे तक हवा में रहा।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


