पश्चिम एशिया संकट के बीच एअर इंडिया की जेद्दा और दुबई के लिए दो राहत उड़ानें

Ads

पश्चिम एशिया संकट के बीच एअर इंडिया की जेद्दा और दुबई के लिए दो राहत उड़ानें

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 09:36 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण विभिन्न देशों में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए जेद्दा और दुबई के लिए दो विशेष राहत उड़ानें संचालित कर रही है।

एअर इंडिया ने इस कार्य के लिए ‘वाइड-बॉडी’ विमान का इस्तेमाल किया है। ‘वाइड-बॉडी’ विमान दो गलियारे वाले विमान होते हैं, जिसे अक्सर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

एयरलाइन चार मार्च को मुंबई से दुबई के लिए भी एक विशेष राहत उड़ान संचालित करेगी।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि वह तीन और चार मार्च को मुंबई से जेद्दा और दुबई के लिए अपनी सेवाओं पर उच्च क्षमता वाले ‘वाइड-बॉडी’ विमान तैनात कर रही है, ताकि पश्चिम एशिया में जारी स्थिति से प्रभावित यात्रियों की वापसी सुगम हो सके।

विमानन कंपनी ने कहा कि कम से कम 350 सीट क्षमता वाला बोइंग-777 विमान मंगलवार शाम को मुंबई से जेद्दा के लिए रवाना हुआ।

इसने कहा, ‘‘इसके बाद आज रात दिल्ली से दुबई के लिए कम से कम 300 सीट की क्षमता वाला बोइंग 787-9 उड़ान भरने वाली है और 250 से अधिक सीट वाला बोइंग 787-8 विमान चार मार्च के शुरुआती घंटों में मुंबई से दुबई के लिए संचालित होगा।

एअर इंडिया के अनुसार, सभी उड़ानें चार मार्च को अपनी वापसी यात्रा में मुंबई और दिल्ली पहुंचेंगी और इनमें सारी सीट भरी होने की उम्मीद है।

क्षेत्र में हो रही घटनाओं की बारीकी से निगरानी कर रही टाटा समूह की स्वामित्व वाली विमानन कंपनी एअर इंडिया ने सोमवार को अमेरिका, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन के अपने सभी गंतव्यों के लिए निर्धारित उड़ानों का संचालन शुरू किया।

इन उड़ानों के लिए एअर इंडिया ओमान, सऊदी अरब और मिस्र के हवाई क्षेत्र के रास्ते लंबी दूरी की मार्ग योजना अपना रही है।

भाषा सुरेश माधव

माधव