दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम, बारिश होने की संभावना
दिल्ली में वायु गुणवत्ता मध्यम, बारिश होने की संभावना
नयी दिल्ली, छह अक्टूबर (भाषा) दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में सोमवार की सुबह हुई बारिश से पिछले कई दिन से बनी गर्मी और उमस की स्थिति से राहत मिली।
राष्ट्रीय राजधानी में सितंबर में और अक्टूबर की शुरुआत में असामान्य रूप से उच्च तापमान दर्ज किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है।
रविवार को अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
शहर के कई केन्द्रों पर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, शहर की आधार वेधशाला, सफदरजंग में सुबह आठ बजकर 30 मिनट तक 10.3 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि इसी अवधि के दौरान लोधी रोड में 13.2 मिमी, पालम में 4.6 मिमी, रिज में 8.2 मिमी और आयानगर में 5.4 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है।
विभाग ने दिन भर और शाम तक गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किलोमीटर प्रति घण्टे) के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है।
सुबह आठ बजे शहर में सापेक्षिक आर्द्रता 80 प्रतिशत दर्ज की गई।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 117 रहा जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


