राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने जयपुर में मेट्रो के ‘फेज-2’ परियोजना के लिए भूमि पूजन किया

राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने जयपुर में मेट्रो के 'फेज-2' परियोजना के लिए भूमि पूजन किया

राजस्थान: मुख्यमंत्री शर्मा ने जयपुर में मेट्रो के ‘फेज-2’ परियोजना के लिए भूमि पूजन किया
Modified Date: July 22, 2026 / 06:44 pm IST
Published Date: July 22, 2026 6:44 pm IST

जयपुर, 22 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सीतापुरा के मेट्रो डिपो में जयपुर मेट्रो ‘फेज-2’ का विधिवत भूमि पूजन एवं शिला पूजन किया। उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो शहर की जीवनरेखा बनेगी।

इस अवसर पर उन्होंने नींव तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली पाइलिंग रिग मशीन का पूजन कर ‘पाइलिंग’ के काम की शुरुआत की। उन्होंने मेट्रो ‘फेज-2’ का मॉडल भी देखा।

मुख्यमंत्री इसके बाद इलेक्ट्रिक बस में बैठकर मेट्रो डिपो साइट से मानसरोवर मेट्रो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने टिकट खरीदा और छोटी चौपड़ तक मेट्रो में सफर किया।

यात्रा के दौरान उन्होंने मेट्रो के कॉकपिट से फेज-2 के तहत खासाकोठी में बनने वाले इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन की साइट का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन पहुंचे और आर्ट गैलेरी देखी।

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जयपुर में मेट्रो का विस्तार बेहद जरूरी था इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ सरकार ने जयपुर की जनता को ‘फेज-2’ की सौगात दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जिस काम का शिलान्यास करते हैं उसका उद्घाटन भी करते हैं और मोदी द्वारा ‘वर्चुअल’ शिलान्यास के बाद 18 दिन में ही निर्माण कार्य की शुरूआत हो गई है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही शहरवासियों को सुगम आवागमन के लिए बेहतर संपर्क उपलब्ध होगा और मेट्रो जयपुर की ‘जीवनरेखा’ भी बनेगी।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप मेट्रो के ‘फेज-3’ और ‘फेज-4’ का काम भी शुरू किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार जयपुर मेट्रो ‘फेज-2’ के अन्तर्गत प्रहलादपुरा से टोडी मोड तक उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर सीतापुरा से लेकर वीकेआईए तक के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए जयपुर की जीवनरेखा के रूप में काम करेगा। इस कॉरिडोर की कुल लागत 13 हजार 37 करोड़ रूपये से अधिक है।

यह फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, वीकेआईए, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, रेलवे स्टेशन, अंबाबाड़ी तथा विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों को निर्बाध यातायात संपर्क प्रदान करेगा। इस परियोजना में हवाई अड्डा क्षेत्र में भूमिगत स्टेशन भी शामिल होगा।

मुख्यमंत्री ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ तक मेट्रो में यात्रा की और बच्चों तथा महिलाओं से बातचीत कर उनके मेट्रो यात्रा के अनुभव जाने।

भाषा पृथ्वी जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में