गाजियाबाद, गुडगांव में वायु गुणवत्ता ‘खराब’, नोएडा और फरीदाबाद में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही
गाजियाबाद, गुडगांव में वायु गुणवत्ता ‘खराब’, नोएडा और फरीदाबाद में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही
नोएडा (उप्र), आठ मार्च (भाषा) गाजियाबाद और गुड़गांव में औसत वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में दर्ज की गई जबकि ग्रेटर नोएडा, नोएडा और फरीदाबाद में यह ‘‘मध्यम’’ श्रेणी में रही। एक सरकारी एजेंसी द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के अनुसार दिल्ली के निकट स्थित इन पांच स्थानों पर हवा में प्रदूषक पीएम2.5 और पीएम10 की मात्रा भी अधिक रही।
उल्लेखनीय है कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।
सीपीसीबी के ऐप ‘समीर’ के अनुसार सोमवार को शाम चार बजे औसत 24 घंटे में एक्यूआई गाजियाबाद में 230, ग्रेटर नोएडा में 196, नोएडा में 192, फरीदाबाद में 174 और गुड़गांव में 204 था।
रविवार को एक्यूआई गाजियाबाद में 329, ग्रेटर नोएडा में 270, नोएडा और फरीदाबाद में 278 और गुड़गांव में 216 दर्ज किया गया था।
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


