कोच्चि, 28 जुलाई (भाषा) अभिनेता और रियलिटी शो विजेता अखिल मरार, ने मंगलवार को ‘ट्वेंटी20’ पार्टी छोड़ दी। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष और उद्योगपति साबू एम जैकब के साथ मतभेद का आरोप लगाया।
‘ट्वेंटी20’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी पार्टी है। मरार ने हाल ही में केरल विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।
मरार ने ‘ट्वेंटी20’ के टिकट पर थ्रिक्काकरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। पार्टी छोड़ने की घोषणा के तुरंत बाद उन्होंने विभिन्न टेलीविजन चैनलों के माध्यम से जैकब पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने जैकब पर आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विधानसभा सीट को लेकर उनसे किए गए आश्वासनों को पूरा करने में वह ‘विफल’ रहे और ”ट्वेंटी20′ को अपने निजी हितों के लिए चला रहे हैं।’
मरार ने दावा किया कि वह कोट्टारक्करा विधानसभा सीट देने के आश्वासन के बाद पार्टी में शामिल हुए थे, लेकिन बाद में यह सीट किसी अन्य उम्मीदवार को दे दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के हस्तक्षेप के बाद उन्हें थ्रिप्पुनिथुरा सीट देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बजाय उन्हें थ्रिक्काकरा से उम्मीदवार बनाया गया।
मरार ने दावा किया कि सीट बंटवारे को लेकर जैकब के साथ हुई बातचीत के व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट उनके पास हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी नेतृत्व के सामने बार-बार अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के बाद जैकब उनसे संपर्क में नहीं रहे, कोल्लम जिला अध्यक्ष नियुक्त करने के उनके अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया और लोगों के मुद्दों को उठाने या पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने में बहुत कम रुचि दिखाई।
मरार ने आरोप लगाया कि जैकब ने थ्रिक्काकरा विधानसभा क्षेत्र पर कोई ध्यान नहीं दिया।
जैकब ने अभी तक इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा तान्या माधव
माधव