सर्वदलीय बैठक:सपा ने ‘चंदा चोरी’, प्रश्नपत्र लीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की
सर्वदलीय बैठक:सपा ने ‘चंदा चोरी’, प्रश्नपत्र लीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग की
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को कहा कि संसद के मानसून सत्र में राम मंदिर से ‘चंदा चोरी’ के मामले, प्रश्नपत्र लीक, निर्वाचन आयोग की कथित एकपक्षीय कार्यवाही, सरकारी सेवाओं में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग की कथित उपेक्षा तथा एथेनॉल के मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए।
सपा नेता धर्मेंद्र यादव ने सर्वदलीय बैठक के बाद कहा कि विपक्ष की ओर से उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर सत्र के पहले दिन से ही चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने मांग की है कि चंदा चोरी के मामले पर चर्चा होनी चाहिए….प्रधानमंत्री ने स्वयं ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी।’’
यादव ने ने दावा किया कि पिछले 10 साल में 152 परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिससे आठ से 10 करोड़ छात्र प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भी चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की ‘‘एकपक्षीय कार्यवाही’’ पर गंभीरता से चर्चा किए जाने की मांग की।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकारी सेवाओं में ‘पीडीए परिवार’ के लोगों की उपेक्षा हो रही है और सरकार इनको भागीदारी नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि एथेनॉल के मुद्दे पर भी चर्चा होनी चाहिए।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर यादव ने कहा कि सपा इसके पक्ष में है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग इसकी आड़ में परिसीमन लागू करना चाहते हैं, जिसका पार्टी ने पहले भी विरोध किया था और आगे भी करती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश में ‘‘तानाशाही’’ लाना चाहती है।
भाषा हक हक रंजन
रंजन

Facebook


