जम्मू, 27 जून (भाषा) दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की तीर्थयात्रा में प्रशासन ने बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के लिए मौके पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 1600 तीर्थयात्री कश्मीर की अपनी आगे की यात्रा के लिए भगवती नगर आधार शिविर पहुंच चुके हैं।
महिलाओं सहित 800 से अधिक साधु पारंपरिक राम मंदिर और गीता भवन पहुंच चुके हैं और दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3880 मीटर ऊंची पवित्र गुफा में पूजा करने के लिए उत्साहित हैं, जहां प्राकृतिक तौर पर बर्फ से शिवलिंग बना हुआ है।
यह 52 दिवसीय तीर्थयात्रा 29 जून को दो मार्गों से शुरू होगी। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था शुक्रवार को जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर और राम मंदिर से घाटी के लिए रवाना होगा।
अधिकारियों ने बताया कि शहर के शालीमार इलाके में गैरपंजीकृत तीर्थयात्रियों के लिए मौके पर ही पंजीकरण केंद्र स्थापित किया गया है, जबकि पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर परिसर में साधुओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष शिविर स्थापित किया गया है।
महाजन हॉल पंजीकरण केंद्र की प्रभारी एवं उप-जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सीमा परिहार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘देश के विभिन्न भागों से आने वाले गैरपंजीकृत तीर्थयात्रियों के लिए बृहस्पतिवार से मौके पर पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।’
उन्होंने कहा कि अब तक उनके केंद्र ने दिन के लिए निर्धारित कुल 600 कोटे में से 358 गैरपंजीकृत तीर्थयात्रियों को यात्रा के लिए पंजीकृत किया है।
भाषा यासिर प्रशांत
प्रशांत