आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली स्नातक, स्नातकोत्तर सीटों के लिए सितंबर में विशेष दाखिला अभियान चलाएगा

Ads

आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली स्नातक, स्नातकोत्तर सीटों के लिए सितंबर में विशेष दाखिला अभियान चलाएगा

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 06:29 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 06:29 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) डॉ. बी. आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली चुनिंदा स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों को भरने के लिए अगले महीने ‘वॉक-इन’ (निर्धारित दिन सीधे विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर आवेदन करने की व्यवस्था) विशेष प्रवेश अभियान चलाएगा। विश्वविद्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विश्वविद्यालय के सभी स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अभ्यर्थियों के लिए यह अभियान एक सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दो सितंबर को सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों और तीन सितंबर को स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) नहीं देने वाले विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते वे पात्रता मानदंडों को पूरा करते हों। हालांकि, मेधा सूची तैयार करने में और प्रवेश प्रक्रिया में सीयूईटी में शामिल हुए अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

बयान में कहा गया कि सीयूईटी में शामिल नहीं हुए अभ्यर्थियों की मेधा सूची उनकी अंतिम अर्हता परीक्षा में प्राप्त अंकों या ग्रेड के आधार पर तैयार की जाएगी। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 12वीं कक्षा और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए स्नातक डिग्री के अंक या ग्रेड आधार होंगे।

पहले के प्रवेश चरणों में शामिल होने के बावजूद दाखिला नहीं लेने वाले अभ्यर्थियों को पात्रता और सीटों की उपलब्धता के आधार पर पहली प्राथमिकता दी जाएगी। हालांकि, उन्हें विशेष दाखिला अभियान में शामिल होना होगा और निर्धारित समय के भीतर शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

आवेदकों को संबंधित दिन सुबह नौ बजे से अपराह्न एक बजे के बीच पंजीकरण कर आवेदन जमा करना होगा और विश्वविद्यालय परिसर में स्वयं उपस्थित रहना होगा।

मेधा सूची उसी दिन शाम साढ़े चार बजे तक घोषित की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को शुल्क का तत्काल भुगतान करना होगा और प्रवेश संबंधी अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।

भाषा सिम्मी माधव

माधव