कूड़ा उठवाने के लिए एमसीडी अधिकारियों से मिन्नतें कर रहे हैं सांसद और विधायक: विजय गोयल

Ads

कूड़ा उठवाने के लिए एमसीडी अधिकारियों से मिन्नतें कर रहे हैं सांसद और विधायक: विजय गोयल

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 07:06 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 07:06 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और सरकारी अधिकारियों की आलोचना करते हुए कहा कि अपने इलाकों से कूड़ा उठवाने के लिए पार्षदों, विधायकों और सांसदों तक को अधिकारियों की मिन्नतें करनी पड़ रही हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में किसी के हस्तक्षेप के बाद कूड़ा उठने पर श्रेय लेने की प्रथा को लेकर जनप्रतिनिधियों को भी आड़े हाथों लिया।

गोयल ने कहा, ‘क्या विडंबना है एमसीडी और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे और सांसद, विधायक और पार्षद उनसे काम कराने के लिए गलियों-सड़कों के धक्के खा रहे हैं। कहीं से कूड़ा उठवा देते हैं, तो लगता है बहुत बड़ा काम करवा लिया। ये नहीं देखते इन अफसरों के होते हुए कूड़ा होना ही क्यों था।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘नाली, मैनहोल, सड़क, सीवर, बिजली और पानी की समस्याओं पर चुने हुए प्रतिनिधि इन अफसरों से गिड़गिड़ाते हैं। फिर भी काम नहीं होते। फिर जनता को कौन पूछ रहा है?’’

दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने गोयल के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं कि लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े।

सिंह ने कहा कि वह गोयल की व्यक्तिगत शिकायतों का समाधान करने के लिए उनसे बात करेंगे।

भाषा सुमित नरेश

नरेश