मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) देश के रोजगार बाजार में 2026 की दूसरी छमाही में भर्ती गतिविधियों में तेजी बने रहने की उम्मीद है। करीब 97 प्रतिशत मानव संसाधन (एचआर) अधिकारियों को नियुक्तियां जारी रहने का भरोसा है, जबकि 79 प्रतिशत को नयी नौकरियां सृजित होने का अनुमान है। मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह कहा गया।
जॉब पोर्टल नौकरी डॉट कॉम की ‘छमाही भर्ती संभावना रिपोर्ट’ देशभर में 540 से अधिक वरिष्ठ एचआर अधिकारियों और विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्ति संबंधी निर्णय लेने वालों के विचारों पर आधारित है।
सर्वेक्षण में शामिल करीब 97 प्रतिशत एचआर अधिकारियों को 2026 की दूसरी छमाही में नए और रिक्त पदों, दोनों के लिए नियुक्तियां जारी रहने की उम्मीद है, जबकि 79 प्रतिशत ने नयी नौकरियां सृजित होने का अनुमान जताया है।
रोजगार सृजन के लिए रियल एस्टेट क्षेत्र सबसे अधिक आशावादी है। वहां 86 प्रतिशत एचआर अधिकारियों ने नयी नौकरियां पैदा होने की उम्मीद जताई है। इसके बाद दैनिक उपभोग के सामान बनाने वाले एफएमसीजी क्षेत्र में 85 प्रतिशत अधिकारियों ने ऐसी उम्मीद जताई।
आईटी और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भी भर्ती को लेकर धारणा मजबूत हुई है। इस क्षेत्र के 83 प्रतिशत एचआर अधिकारियों ने दूसरी छमाही में नियुक्तियों को लेकर संभावना जतायी, जबकि पहली छमाही में यह आंकड़ा 79 प्रतिशत था।
रिपोर्ट कहती है कि कारोबार विकास, विपणन और आईटी में सबसे अधिक भर्ती होने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में क्रमशः 45 प्रतिशत, 37 प्रतिशत और 31 प्रतिशत एचआर अधिकारियों ने सबसे अधिक नियुक्तियां होने का अनुमान जताया।
क्षेत्रवार देखें तो बैंक, वित्त एवं बीमा क्षेत्र (बीएफएसआई) में मुख्य वित्तीय भूमिकाओं के लिए प्रतिभाओं की मांग बनी रहने की उम्मीद है। एफएमसीजी और विनिर्माण क्षेत्र परिचालन संबंधी पदों पर ध्यान देंगे, जबकि आईटी क्षेत्र में प्रौद्योगिकी आधारित भूमिकाओं की मांग बनी रहेगी।
कृत्रिम मेधा (एआई) को लेकर भी यह रिपोर्ट सकारात्मक संकेत देती है। एआई के रोजगार पर संभावित असर को लेकर चिंता होने के बावजूद 86 प्रतिशत एचआर अधिकारियों को इसके कारण बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका नहीं है।
इसके उलट, आईटी और बीएफएसआई क्षेत्र में 20 प्रतिशत से अधिक अधिकारियों को अगले छह महीनों में एआई से नयी भूमिकाएं सृजित होने की उम्मीद है। आईटी, विपणन और विश्लेषण ऐसे प्रमुख क्षेत्र हैं जहां इन नयी भूमिकाओं के उभरने की संभावना है।
नौकरी डॉट कॉम की मूल कंपनी इन्फो एज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी हितेश ओबेरॉय ने कहा कि दूसरी छमाही की भर्ती संभावना भारत के रोजगार बाजार में लगातार तेजी की ओर इशारा करती है।
उन्होंने कहा कि एआई खासकर आईटी, विपणन और विश्लेषण के क्षेत्रों में नयी भूमिकाएं सृजित कर रहा है।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण