अमित शाह ने बंगाल के मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा की

अमित शाह ने बंगाल के मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा की

अमित शाह ने बंगाल के मुख्यमंत्री और राज्य के अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा की
Modified Date: July 19, 2026 / 02:55 pm IST
Published Date: July 19, 2026 2:55 pm IST

कोलकाता, 19 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में कानून-व्यवस्था पर चर्चा की।

पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2,217 किलोमीटर लंबी सीमा है, और इसकी सीमाएं नेपाल तथा भूटान से भी लगती हैं।

सूत्रों ने बताया कि दक्षिण कोलकाता में हुई इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, गृह सचिव संघमित्रा घोष, राज्य पुलिस प्रमुख सिद्धनाथ गुप्ता तथा पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी) एन आर बाबू सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि शाह ने बैठक में मुख्यमंत्री और पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

यह बैठक पश्चिम बंगाल लोक सुरक्षा एवं असामाजिक गतिविधियां नियंत्रण अधिनियम पारित होने के कुछ सप्ताह बाद हुई है। इस कड़े कानून के तहत संगठित अपराध, जबरन वसूली, अवैध खनन, साइबर अपराध और लोक व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों से निपटने के लिए राज्य सरकार को व्यापक अधिकार दिए गए हैं।

पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह ने शनिवार को उत्तर बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के लिए 77.06 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया था।

पश्चिम बंगाल में पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस शासन के दौरान शाह राज्य में घुसपैठ, कानून-व्यवस्था की स्थिति और बांग्लादेश के साथ खुली सीमा पर कई बार चिंता जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि बंगाल में सीमा के बड़े हिस्से पर अब भी बाड़ नहीं लगायी गया है।

गृह मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री ने सिलीगुड़ी के निकट बीएसएफ की एक सीमा चौकी का दौरा किया और स्वदेशी तथा अत्याधुनिक सीमा सुरक्षा प्रौद्योगिकियों का निरीक्षण किया। इनमें रेडियो आधारित प्रणाली भी शामिल है, जो सीमा की बाड़ से छेड़छाड़ होते ही पहले से रिकॉर्ड किया गया संदेश प्रसारित कर सुरक्षा कर्मियों को तत्काल सतर्क कर देती है।

शाह ने 47 करोड़ रुपये की लागत वाली बीएसएफ की तीन परियोजनाओं की आधारशिला भी डिजिटल माध्यम से रखी। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल में दो सीमा चौकियों के लिए हाल ही में अधिग्रहित भूमि पर 30 करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर लंबी सीमा पर बाड़ के निर्माण की भी आधारशिला रखी।

भाषा

गोला सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में