अमित शाह ने असम विधानसभा में यूसीसी विधेयक पारित होने की सराहना की

Ads

अमित शाह ने असम विधानसभा में यूसीसी विधेयक पारित होने की सराहना की

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 08:43 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) भाजपा के गठन के दिन से ही पार्टी का संकल्प रहा है।

विधानसभा में यूसीसी विधेयक पारित होने पर असम के लोगों को बधाई देते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राज्य सरकारें प्रत्येक नागरिक के लिए एक समान कानून लागू कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह जानकर अत्यंत प्रसन्नता हुई है कि उत्तराखंड और गुजरात के बाद असम ने भी समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया है। इस अवसर पर मैं असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और इस विधेयक का समर्थन करने वाले सभी विधायकों को बधाई देता हूं।’’

शाह ने कहा, ‘‘हम देश के हर हिस्से में कानून के समक्ष समानता के सिद्धांत को स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किए जाने को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि राज्य ने सामाजिक सद्भाव और सभी के लिए समान न्याय सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को ‘‘मजबूत रूप से प्रदर्शित’’ किया है।

नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा की नीति सदैव स्पष्ट रही है कि ‘न्याय सबके लिए और तुष्टीकरण किसी का नहीं’।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए हार्दिक बधाई की पात्र है।

उन्होंने कहा, ‘‘देवभूमि उत्तराखंड और गुजरात के बाद अब असम ने भी समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता और सभी नागरिकों के लिए समान न्याय सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया है।’’

भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ऐसे दूरदर्शी निर्णय ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को निरंतर मजबूत कर रहे हैं।’’

भाषा आशीष माधव

माधव