अमित शाह गुजरात के कच्छ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे
अमित शाह गुजरात के कच्छ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे
भुज (गुजरात), 29 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को गुजरात के कच्छ में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों का दौरा शुरू किया जहां वह सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शाह देश के सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा समीक्षा, स्थानीय अधिकारियों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों से संवाद करेंगे।
शाह सुबह सीमावर्ती चौकियों की ओर रवाना हुए, जहां उन्होंने बॉर्डर आउटपोस्ट जी-7 का उद्घाटन किया।
गृह मंत्री के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वह ‘ओपी टावर 1170’ के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण करेंगे और भारत-पाकिस्तान सीमा पर सबसे दुर्गम इलाकों में से एक रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ‘हरामी नाला’ (एक संकरी खाड़ी) का दौरा करेंगे, जहां वह पौधारोपण भी करेंगे।
दोपहर बाद वह सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और बीएसएफ जवानों से भी मिलेंगे।
शाह ने अपना दौरा राजस्थान के बीकानेर से शुरू किया था, जहां उन्होंने सांचू में बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा किया।
उन्होंने ‘प्रहरी सम्मेलन’ में हिस्सा लिया और ऑनलाइन माध्यम से महिला जवानों के लिए बैरक का उद्घाटन किया और इसके बाद बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीमा सुरक्षा की समीक्षा की।
वह देश की बांग्लादेश से लगने वाली पूर्वी सीमाओं का दौरा भी कर सकते हैं। इसकी शुरुआत पांच जून को त्रिपुरा की यात्रा से होने की संभावना है। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल जा सकते हैं।
भाषा
खारी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


