जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में पहुंच रहा है। राज्य में चुनाव प्रचार का आज बुधवार आखिरी दिन था। शाम 5 बजते ही प्रचार थम गया। इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी ने प्रचार के दौरान जनता के बीच अपनी बातों को रखा। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद जितने भी विधानसभा चुनाव हुए वहां बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अगस्ता-वेस्टलैंड मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए क्रिश्चियन मिशेल के मुद्दे पर बोल रहा है। क्या विपक्ष बिचौलिए को बचाना चाहता है। उन्होंने कहा कि 2019 में भी पूर्ण बहुमत से मोदी सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ने प्रचार नहीं बल्कि अप्रचार से शुरुआत की थी। कांग्रेस लगातार कह रही थी कि यहां एक बार एक पार्टी और दूसरी बार अन्य पार्टी की सरकार आती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बीजेपी को केंद्र-राज्य सरकार की योजना का लाभ मिला। कांग्रेस ने तीन मुद्दों पर चुनाव लड़ा, जिसमें जातिवाद-परिवारवाद-तुष्टिकरण की शामिल रहे। उन्होंने कहा कि हमने हर बार विकास, शांति को बढ़ावा दिया है।
यह भी पढ़ें : रेपो रेट 6.5 फीसदी पर बरकरार, लोन महंगा नहीं होगा, ईएमआई सस्ती नहीं
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे प्रचार में नकारात्मक नीति अपनाई है। जब केंद्र में यूपीए की सरकार थी तो राजस्थान को 1 लाख 9 हजार 242 करोड़ रुपये दिए, जब मोदी सरकार बनी तो 2 लाख 63 हजार 580 करोड़ रुपये राजस्थान को दिया। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हमने प्रचार में काम को मुद्दा बनाया, जबकि कांग्रेस तो अपना नेता भी नहीं बता पाई। हर जिले में नेता अपने आप को मुख्यमंत्री बता रहे हैं और सोच रहे हैं कि ऐसे ही उन्हें वोट मिलेंगे। कांग्रेस ने राजस्थान में जाति-धर्म की राजनीति को बढ़ाया, प्रधानमंत्री मोदी की गरिमा को गिराने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि राज्य में पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है। अपने पिछले टारगेट 180+ पर उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत, पूर्ण बहुमत होता है।