कोच्चि, पांच जून (भाषा) केरल के मुनम्बम क्षेत्र में शुक्रवार को बर्फ के एक संयंत्र से अमोनिया गैस का रिसाव होने के बाद सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर कम से कम 11 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोपहर में बर्फ के संयंत्र से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ, जिसके बाद आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर तेजी से काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि गैस रिसाव को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने बताया कि प्रभावित लोगों को उपचार के लिए निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सा सहायता मिलने के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।
अधिकारियों ने कहा कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और एहतियात के तौर पर क्षेत्र की निगरानी जारी है।
भाषा मनीषा नरेश
नरेश