नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार में एक क्लब के बाहर शनिवार तड़के झगड़े के बाद 21 वर्षीय व्यक्ति को गोली लग गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई जब प्रीत विहार पुलिस थाने को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में गोली लगने से घायल एक व्यक्ति के भर्ती होने के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई।
पुलिस के अनुसार, घायल समीर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नूर-ए-इलाही का निवासी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि समीर अपने दोस्तों के साथ प्रीत विहार के एक क्लब में गया था। बाद में, उसके दो परिचित भी वहां आ गए।
एक अधिकारी ने बताया कि क्लब के अंदर समीर के एक दोस्त और वहां मौजूद कुछ व्यक्तियों के बीच कहासुनी हुई।
अधिकारी ने कहा, ‘कहासुनी जल्द ही झगड़े में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्ष क्लब परिसर के बाहर सर्विस रोड की ओर चले गए।’
पुलिस ने बताया कि इस दौरान वहां अपने साथियों के साथ पहले से मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर गोली चलायी।
उन्होंने बताया, ‘एक गोली चलाई गई, जो समीर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी। आरोपी घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए।’
समीर को उसके दोस्तों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है और स्थिर बतायी जा रही है।
पूछताछ के दौरान समीर ने पुलिस को बताया कि वह गोली चलाने वाले व्यक्ति को नहीं पहचानता।
पुलिस ने बताया कि एक अपराध जांच दल को घटनास्थल पर भेजा गया और घटनास्थल का मुआयना किया गया।
पुलिस ने बताया कि संदिग्धों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं और मामले की जांच की जा रही है।
भाषा तान्या गोला
गोला