बेंगलुरु की एक इमारत परिसर में कुत्ता घुमाने को लेकर हुई बहस हाथापाई में बदली, मामला दर्ज
बेंगलुरु की एक इमारत परिसर में कुत्ता घुमाने को लेकर हुई बहस हाथापाई में बदली, मामला दर्ज
बेंगलुरु, सात मार्च (भाषा) बेंगलुरु के एक आवासीय परिसर के भीतर कुत्ता टहलाने को लेकर पालतू जानवर के मालिक और वरिष्ठ नागरिकों के एक समूह के बीच हुआ विवाद कथित तौर पर हाथापाई में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तीन मार्च की सुबह करीब 7.30 बजे तब हुई जब तरुण अरोड़ा (42) वरथुर स्थित आवासीय परिसर के भीतर अपने पालतू कुत्ते को घुमाने गए थे, जहां वरिष्ठ नागरिकों का एक समूह योग और व्यायाम कर रहा था।
एक वीडियो फुटेज में भी दोनों पक्षों को तीखी बहस करते देखा जा सकता है जो बाद में हाथापाई में बदल गई।
अरोड़ा ने अपनी शिकायत में कहा कि शुरू में उन्होंने समूह पर ध्यान नहीं दिया और अपना कुत्ता टहलाना जारी रखा। बाद में समूह के कुछ सदस्यों ने उन्हें रोका और कहा कि उस क्षेत्र में कुत्ते को नहीं घुमाना चाहिए, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
अरोड़ा ने आरोप लगाया कि बहस के दौरान, समूह ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर फोन करने की कोशिश की।
अरोड़ा ने जब अपने फोन से घटना को रिकॉर्ड करने का भी प्रयास किया तो उनमें से एक व्यक्ति, ओम प्रकाश वाजपेयी (69) ने उनका फोन छीन लिया।
शिकायत के अनुसार, इसके तुरंत बाद लगभग पांच से छह लोग हाथापाई पर उतर आए। बाद में उन्होंने पास के एक अस्पताल में उपचार कराया।
हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों के समूह के सदस्यों ने अरोड़ा पर जवाबी आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत के अनुसार, कुत्तों के लिए एक अलग पार्क की व्यवस्था होने के बावजूद अरोड़ा अक्सर अपने पालतू कुत्ते को उस स्थान पर लाते हैं जहां वे योग करते हैं।
वाजपेयी और उनकी पत्नी ने आरोप लगाया कि कुत्ता अक्सर उनके पीछे घूमता है और उस क्षेत्र में गंदगी करता है जहां वे बैठते हैं। तीन मार्च को अरोड़ा फिर से अपने कुत्ते के साथ उसी स्थान पर आए।
शिकायतकर्ताओं ने दावा किया कि जब उन्होंने अरोड़ा को तस्वीरें लेने से रोकने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन गलती से जमीन पर गिर गया। इससे गुस्साए अरोड़ा ने वाजपेयी का गला दबाकर दम घोंटने की कोशिश की।
जब वाजपेयी की पत्नी उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने आईं तो अरोड़ा ने उन्हें जमीन पर धकेल दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
भाषा
प्रचेता माधव
माधव

Facebook


