सीमा वार्ता के लिये असम का एक प्रतिनिधिमंडल 9-10 अगस्त को मिजोरम का दौरा करेगा: अधिकारी

Ads

सीमा वार्ता के लिये असम का एक प्रतिनिधिमंडल 9-10 अगस्त को मिजोरम का दौरा करेगा: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - August 5, 2022 / 11:09 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:45 PM IST

आइजोल/गुवाहाटी, पांच अगस्त (भाषा) असम के सीमा सुरक्षा एवं विकास मंत्री अतुल बोरा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अंतरराज्यीय सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए नौ अगस्त से मिजोरम का दो दिवसीय दौरे करेगा। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि असम सीमा सुरक्षा तथा विकास मंत्री के एक विशेष अधिकारी और निजी सचिव ने बुधवार को मिजोरम सरकार को सूचित किया था कि असम का प्रतिनिधिमंडल अगले मंगलवार को आइजोल पहुंचकर सीमा मुद्दों पर दो दिवसीय वार्ता करेगा।

मिजोरम के गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बोरा के साथ असम के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री अशोक सिंघल और असम सीमा सुरक्षा व विकास आयुक्त एवं सचिव जी. डी. त्रिपाठी समेत तीन अधिकारी आइजोल पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि असम प्रतिनिधिमंडल अंतरराज्यीय सीमा मुद्दों पर मिजोरम सरकार के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेगा। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई गृह मंत्री लालचमलियाना करेंगे।

असम के साथ मिजोरम 164.6 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है, जिसको लेकर दोनों राज्यों के बीच पिछले कुछ वर्ष से विवाद काफी बढ़ गया है।

भाषा निहारिका प्रशांत

प्रशांत