केपी ट्रस्ट ने प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए सशर्त अनुमति दी

Ads

केपी ट्रस्ट ने प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए सशर्त अनुमति दी

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 11:13 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 11:13 PM IST

प्रयागराज/नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने केपी ग्राउंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आगामी आठ अगस्त के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए बृहस्पतिवार देर रात सशर्त मंजूरी प्रदान की।

केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं से परामर्श करके आयोजकों को कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम करने की अनुमति दी गई है। इसमें कॉलेज में अध्ययन-अध्यापन कार्य प्रभावित नहीं होना और जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति जैसी शर्तें शामिल हैं।’’

इससे पहले, दिल्ली में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रयागराज में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम रद्द कराने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी उसी स्थान (केपी ग्राउंड) पर राहुल गांधी का छात्रों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित करेगी।

प्रयागराज में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, ‘‘हमने जिला प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में बात की जिस पर जिला प्रशासन ने सहयोग का आश्वासन दिया है। हम उसी स्थल (केपी ग्राउंड) पर यह कार्यक्रम करेंगे।’’

राय ने बृहस्पतिवार को यहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे का कार्यक्रम जारी किया जिसके मुताबिक, राहुल आठ अगस्त को एक विशेष विमान से दोपहर दो बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने राहुल गांधी का प्रयागराज कार्यक्रम रद्द करने के लिए केपी ट्रस्ट पर दबाव बनाया और कहा कि सरकार राहुल गांधी से घबरा गई है।

वहीं, इन आरोपों के जवाब में शहर पश्चिमी से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, ‘‘यह अनुमति को लेकर एक निजी संस्था और कांग्रेस के बीच का मामला है। इसमें सरकार कहां से आ गई। यदि कांग्रेस के पास इस बात का कोई लिखित या मौखिक साक्ष्य है कि सरकार ने राहुल का कार्यक्रम रद्द कराया, तो कांग्रेस उसे दिखाए।”

कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में जिला मजिस्ट्रेट से संपर्क करने का ‘पीटीआई- भाषा’ की ओर से प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

राय द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी साढ़े तीन बजे प्रयागराज हवाई अड्डा से सड़क मार्ग से आनंद भवन जाएंगे और शाम छह बजे से साढ़े आठ बजे तक केपी ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ नाम से उनका छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा।

राय ने बताया कि राहुल गांधी साढ़े आठ बजे केपी ग्राउंड से प्रयागराज हवाई अड्डा के लिए रवाना होंगे और साढ़े नौ बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

बुधवार को केपी ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष जितेंद्र नाथ चौधरी ने कहा था, “केपी कॉलेज के खिलाफ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 14 अगस्त, 2025 को आदेश पारित किया था जिसमें केपी कॉलेज के मैदान को खेल-कूद एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के अलावा किसी अन्य कार्य के लिए नहीं देने को कहा गया था।”

उन्होंने कहा था कि इसके अलावा केपी ग्राउंड में बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे इस तरह का आयोजन जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को अनुमति इस शर्त के साथ दी गई थी कि वह इस आयोजन के लिए जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति प्राप्त करेगी, लेकिन अभी तक जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति नहीं प्राप्त की गई है।

भाषा राजेंद्र संतोष शफीक

शफीक