गुजरात के अमरेली में 3.1 तीव्रता का भूकंप, सौराष्ट्र में छह दिन में दूसर झटका
गुजरात के अमरेली में 3.1 तीव्रता का भूकंप, सौराष्ट्र में छह दिन में दूसर झटका
अमरेली(गुजरात), 29 मार्च (भाषा) गुजरात के अमरेली जिले में रविवार को 3.1 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, इससे किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के अनुसार, भूकंप का यह झटका शाम 4.10 बजे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र सौराष्ट्र क्षेत्र में अमरेली से लगभग 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में सतह से 11.6 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
अधिकारियों ने बताया कि भूकंप से न तो कोई घायल हुआ और न ही संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचा।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को सौराष्ट्र क्षेत्र के राजकोट जिले में भी इसी तरह का 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
सावरकुंडला विधानसभा के सदस्य महेश कसवाला ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में अमरेली में कई हल्के झटके महसूस किए गए हैं। मित्याला गांव के सरपंच ने पुष्टि की है कि रविवार का झटका काफी तेज महसूस किया गया था।’’
कसवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आगे की जांच के लिए अमरेली में एक तकनीकी टीम भेजी जाएगी।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


