निर्माणाधीन भूमिगत पानी के टैंक में दम घुटने से बुजुर्ग महिला और उसके दो बेटों की मौत
निर्माणाधीन भूमिगत पानी के टैंक में दम घुटने से बुजुर्ग महिला और उसके दो बेटों की मौत
हल्द्वानी, 22 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी में एक निर्माणाधीन पानी के टैंक में दम घुटने से एक बुजुर्ग महिला और उसके दो बेटों की मौत हो गयी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र के मानपुर गांव में मंगलवार शाम हुई जब धर्मेंद्र बिष्ट (44) अपने खेत में बने निर्माणाधीन भूमिगत पानी के टैंक की शटरिंग खोलने के लिए एक सीढ़ी के सहारे उसमें उतरे और वहीं बेहोश होकर गिर गये। काफी देर तक धर्मेंद्र के बाहर नहीं आने पर उनका छोटे भाई खुशाल सिंह बिष्ट (38) उन्हें देखने के लिए टैंक में गया, लेकिन वह भी अचेत होकर गिर पड़ा।
पुलिस के मुताबिक, दोनों बेटों की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर सरस्वती देवी (65) भी टैंक में उतर गईं और वह भी बेहोश होकर वहीं गिर पड़ीं।
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और टैंक का एक हिस्सा तोड़कर किसी तरह सभी को बाहर निकालकर तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, लगभग 10 फुट लंबे, 10 फुट चौड़े और 10 फुट गहरे टैंक के पास गोबर गैस प्लांट भी बना हुआ है, जिससे संभवत: गैस रिसाव हुआ होगा।
सुशीला तिवारी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि बंद टैंक में अक्सर मीथेन और हाइड्रोजन सल्फाइड जैसी जहरीली गैसें जमा हो जाती हैं, जिनके कारण दम घुटने की घटना हो सकती है।
हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकेगा।
हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाएगी।
भाषा सं दीप्ति सिम्मी शफीक
शफीक

Facebook


