अंडमान निकोबार द्वीप समूह में रविवार को पंचायत, नगर परिषद चुनाव
अंडमान निकोबार द्वीप समूह में रविवार को पंचायत, नगर परिषद चुनाव
पोर्ट ब्लेयर, पांच मार्च (भाषा) अंडमान निकोबार द्वीप समूह में पंचायतों के साथ ही पोर्ट ब्लेयर नगर परिषद के लिए रविवार को चुनाव कराए जाएंगे और इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव के निदेशक सुनील अंचीपाका ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों को तैनात कर दिया गया है और सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किये गये हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षकों को तैनात किया गया है और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त करेंगे।
पंचायत चुनाव में मतपत्रों का और नगर परिषद के चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का इस्तेमाल किया जाएगा। नगर निकाय चुनाव में कुल 1,32,965 मतदाता और पंचायत चुनावों में 1,64,975 मतदाता हैं। मतगणना आठ मार्च को होगी।
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश

Facebook


