आंध्र हाईकोर्ट के सीजे मिश्रा, वरिष्ठ वकील विश्वनाथन को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा
आंध्र हाईकोर्ट के सीजे मिश्रा, वरिष्ठ वकील विश्वनाथन को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की अनुशंसा
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) प्रधान न्यायाधीश डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सीजे) प्रशांत कुमार मिश्रा और वरिष्ठ अधिवक्ता के.वी. विश्वनाथन को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश केंद्र से की।
सरकार अगर कॉलेजियम की अनुशंसा को स्वीकार करती है तो विश्वनाथन, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला के 11 अगस्त 2030 को सेवानिवृत्त होने के बाद भारत के प्रधान न्यायाधीश बन सकेंगे और 25 मई 2031 तक पद पर रहेंगे।
पांच-सदस्यीय कॉलेजियम ने कहा कि उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों के स्वीकृत पदों की संख्या 34 है, हालांकि फिलहाल वहां 32 न्यायाधीश हैं।
उच्चतम न्यायालय के दो न्यायाधीश- न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी और न्यायमूर्ति एम.आर. शाह – बीते दो दिनों में सेवानिवृत्त हुए हैं।
कॉलेजियम में प्रधान न्यायाधीश के अलावा न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति के.एम. जोसेफ, न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना भी शामिल हैं।
कॉलेजियम ने अपनी सिफारिश में कहा है कि जुलाई के दूसरे हफ्ते में चार और रिक्तियां होंगी तथा न्यायाधीशों की संख्या घटकर 28 रह जाएंगी।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश

Facebook


