कडप्पा, 22 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के पुल्लमपेटा में राज्य पथ परिवहन निगम की अल्ट्रा डीलक्स बस एवं लॉरी की टक्कर में एक बच्चे और एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब एक बजे से 1:15 बजे के बीच उदुमुवारीपल्ली गांव के पास हुआ।
उन्होंने बताया कि यह बस तिरुपति से कडप्पा जा रही थी और इसी दौरान एक लॉरी से इसकी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की दाईं ओर की करीब छह सीटें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘कडप्पा जिले में आंध्र प्रदेश राज्य पथ परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की एक अल्ट्रा डीलक्स बस की एक लॉरी से टक्कर हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि 16 अन्य घायल हो गए।’
उन्होंने बताया कि हादसे में लॉरी चालक भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस में करीब 27 यात्री सवार थे। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए राजमपेट सरकारी अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
इस बीच, आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री एम. रामप्रसाद रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
पुलिस इस मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
भाषा तान्या रंजन
रंजन