वेटलापलेम, एक मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में पटाखों के एक कारखाने में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को समरलाकोटा मंडल के वेटलापलेम गांव में लाइसेंस प्राप्त एक पटाखा कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में नौ महिलाओं सहित 20 लोग मारे गए और नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “मृतकों की संख्या 21 है। मध्यरात्रि के बाद एक व्यक्ति की मौत हुई है।”
पुलिस के अनुसार, ‘सूर्या श्री फायर वर्क्स’ के मालिक अदाबाला श्रीनिवास की भी विस्फोट में मौत हो गयी।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने काकीनाडा सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और कहा कि पटाखा कारखाने के मालिक द्वारा नियमों का उल्लंघन करने के कारण यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि त्यौहारों और मेलों के मद्देनजर अनुमति से अधिक कर्मचारियों को काम पर लगाया गया था।
कल्याण ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “यह बेहद दुखद है कि जिस कारखाने को आठ लोगों को काम पर रखने की अनुमति है, वहां 31 लोगों को काम पर रखा गया। भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए नियमों को और सख्त किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि सरकार घायल श्रमिकों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।
भाषा जितेंद्र गोला
गोला