दिल्ली में लूट के मामले में दो नाबालिगों समेत तीन लोग पकड़े गए

Ads

दिल्ली में लूट के मामले में दो नाबालिगों समेत तीन लोग पकड़े गए

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 02:29 PM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 02:29 PM IST

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में लूट के एक मामले में कथित संलिप्तता के लिए दो नाबालिगों समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया आरोपियों के पास से लगभग 1.15 करोड़ रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एक आरोपी की पहचान जनकपुरी के निवासी दिव्यांश शर्मा उर्फ ​​बब्बू (18) के रूप में हुई है जबकि दो आरोपी नाबालिग हैं।

पुलिस ने बताया कि जनकपुरी में 22 फरवरी को एक इमारत में चोरी होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वहां पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल के कमरों के ताले टूटे हुए थे।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी एक दुकान है और 21 फरवरी की रात करीब 9:30 बजे वह दुकान बंद करके किराए के मकान पर चला गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार अगले दिन पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे दुकान पर लौटने पर उसे पता चला कि रात में अज्ञात व्यक्ति परिसर में घुसकर बड़ी मात्रा में सोने और हीरे के आभूषण, चांदी के सामान और नकदी लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने कहा कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि 24 फरवरी को गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने पोसांगीपुर पार्क के पास दोनों किशोरों को पकड़ लिया और कड़ी पूछताछ के बाद शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान तीनों ने चोरी की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 650 ग्राम सोने के आभूषण, करीब तीन किलोग्राम चांदी का सामान 7,00,119 रुपये नकद और अन्य कीमती सामान बरामद किया। साथ ही अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए कुल सामान की कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपये आंकी गई है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता जोहेब

जोहेब