आंध्र प्रदेश : निजी ट्रैवल कंपनी की बस में आग लगी, कोई घायल नहीं हुआ
आंध्र प्रदेश : निजी ट्रैवल कंपनी की बस में आग लगी, कोई घायल नहीं हुआ
उलवापाडू (आंध्र प्रदेश), 15 मई (भाषा) हैदराबाद से तिरुपति जा रही एक निजी ट्रैवल कंपनी की बस में शुक्रवार तड़के यहां आग लग गई। सतर्क चालक ने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्रकाशम जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वी हर्ष वर्धन राजू ने बताया कि उलवापाडु क्षेत्र के राजूपलेम सेंटर में सुबह करीब तीन बजे आग लग गई।
राजू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘चालक ने तुरंत वाहन को सड़क के किनारे रोककर जांच की। इस दौरान एक टायर फट गया और छोटी-छोटी लपटें दिखाई देने लगीं।’
एसपी ने बताया कि चालक ने तुरंत सभी यात्रियों (लगभग 30) और उनके सामान को बस से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी और उन्हें बस से सुरक्षित दूरी पर पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि बस से सभी लोगों के निकलने के लगभग 20 मिनट बाद, आग की लपटें तेज हो गईं, जिससे बस आग की चपेट में आ गई और पूरी तरह खाक हो गई।
राजू ने बताया कि इसी बीच सभी यात्रियों ने अन्य बसों में आगे की यात्रा की।
पिछले आठ महीनों में इस दक्षिणी राज्य में बसों के कई भयावह हादसे हुए हैं, जिनमें 45 लोगों की जान चली गई। इनमें 33 लोगों की मौत जलने से हुई और कई अन्य घायल हो गए।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


