नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) अभिनेता अनिल कपूर ने कहा कि उन्हें आदित्य धर की आगामी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अतिथि भूमिका की पेशकश की गई थी। अभिनेता ने स्वीकार किया कि यह उनका नुकसान है कि उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकराया।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ धर की 2025 में रिलीज हुई फिल्म की सीक्वल है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। इस फिल्म में रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई थी, उनके साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी थे।
कपूर शुक्रवार को नयी दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया टुडे कॉन्क्लेव’ में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जब धर ने उनसे संपर्क किया, तब तक वे अपनी शूटिंग की तारीखें एक अन्य फिल्म निर्माता को दे चुके थे। उन्होंने कहा, ‘‘हां, आदित्य ‘धुरंधर 2’ के लिए मेरे पास आए थे। वे चाहते थे कि मैं फिल्म में एक छोटा सा कैमियो करूं। लेकिन आज मैं जो कुछ भी हूं, वह अपने पेशेवर रवैये और प्रतिबद्धता के कारण हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत महत्वपूर्ण है – सिर्फ प्रतिभा से आप वो नहीं बन सकते जो आप हैं। उस समय, मैंने उन तारीखों को पहले ही एक अन्य फिल्म निर्माता को दे दिया था। मैंने आदित्य से कहा, ‘मुझे यह कैमियो करना बहुत अच्छा लगता, लेकिन मैंने पहले से ही किसी और फिल्म के लिए हां कर दी है।’ अब वो फिल्म रिलीज कर रहे हैं और यह एक शानदार फिल्म है। यह मेरा नुकसान है, लेकिन कोई बात नहीं।’’
अभिनेता ने कहा कि वह फिल्म निर्माता के साथ काम करना चाहेंगे।
धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में कंधार विमान अपहरण, 2001 के संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित गुप्त खुफिया अभियानों को दिखाया गया है।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत और बी62 स्टूडियोज की ओर से निर्मित, ‘धुरंधर द रिवेंज’ 19 मार्च को पांच भाषाओं – हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होगी।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि