मेरठ (उप्र), 29 अप्रैल (भाषा) मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एक महिला की शिकायत पर 29 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में यह आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर लाला महमूदपुर रोड स्थित एक स्थान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी की मां का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व जब उसकी बेटी के पेट में दर्द हुआ तो चिकित्सक को दिखाया गया जिसमें पता चला कि किशोरी आठ महीने की गर्भवती है।
किशोरी की मां के मुताबिक उसकी बेटी ने आपबीती सुनाई जिसके बाद परिजनों ने कंकरखेडा थाने पर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कंकरखेड़ा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरी के माता-पिता भी उस मंडप में आरोपी युवक के साथ काम करते थे और काफी समय से आपस में इन लोगों की जान पहचान भी थी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस टीम ने दो आरोपियों को खिर्वा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया जिनकी पहचान संदीप (35) और महेंद्र प्रताप वर्मा (30) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।
भाषा सं सलीम शोभना
शोभना