अनिल कपूर ने सतीश कौशिक को याद किया

अनिल कपूर ने सतीश कौशिक को याद किया

अनिल कपूर ने सतीश कौशिक को याद किया
Modified Date: August 2, 2026 / 06:04 pm IST
Published Date: August 2, 2026 6:04 pm IST

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) अभिनेता अनिल कपूर ने दिवंगत सतीश कौशिक को याद किया और कहा कि वह ऐसे दोस्त थे जिनके साथ उन्होंने ‘जीवन भर कई यादगार पल’ बिताए।

मित्रता दिवस के अवसर पर रविवार को अपने दोस्तों को बधाई देते हुए कपूर ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह दिवंगत अभिनेता कौशिक के साथ के साथ दिखे।

अभिनेता ने कहा कि कौशिक के साथ उनकी दोस्ती ‘खास’ थी।

उन्होंने लिखा, ‘मेरे सभी दोस्तों को मित्रता दिवस की बधाई। आज मुझे अपने प्यारे दोस्त सतीश की बहुत याद आ रही है। आप जानते हैं,हम सभी की जिंदगी में एक ऐसा दोस्त होता है, जिसे हम तब फोन करते हैं जब हम परेशान हों, उदास हों, दोस्तों की थोड़ी खिंचाई करनी हो, गपशप करनी हो या बस जिंदगी पर खुलकर हंसना हो। उस बातचीत की जानकारी कभी बाहर नहीं जाती। सतीश मेरे लिए वही व्यक्ति थे।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे उनका मजाकिया अंदाज, उनकी उर्जा और उनकी जबरदस्त प्रतिभा बहुत याद आती है… लेकिन सबसे ज्यादा मुझे दोस्ती याद आती है। ऐसा कोई व्यक्ति मिलना आसान नहीं होता जो पूरी यात्रा में आपके साथ रहे। स्कूल और सेंट जेवियर्स के दिनों में भी मेरे दोस्त थे… लेकिन सतीश ऐसे दोस्त थे जो मेरे अभिनय करियर की शुरुआत से लेकर अपने आखिरी दिन तक मेरे साथ रहे।’

नौ मार्च 2023 को गुरुग्राम के एक अस्पताल जाते समय दिल का दौरा पड़ने से 66 वर्ष की आयु में कौशिक का निधन हो गया था। कपूर और कौशिक ने ‘मिस्टर इंडिया’ और ‘राम लखन’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया है।

भाषा

शुभम जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में