सत्ताविरोधी लहर और शबरिमला सोना विवाद ने दिलाई तीन सीट पर भाजपा को जीत: मुरलीधरन

सत्ताविरोधी लहर और शबरिमला सोना विवाद ने दिलाई तीन सीट पर भाजपा को जीत: मुरलीधरन

सत्ताविरोधी लहर और शबरिमला सोना विवाद ने दिलाई तीन सीट पर भाजपा को जीत: मुरलीधरन
Modified Date: May 5, 2026 / 02:29 pm IST
Published Date: May 5, 2026 2:29 pm IST

तिरुवनंतपुरम, पांच मई (भाषा) भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि केरल में व्यापक सत्ता-विरोधी लहर और शबरिमला सोना विवाद नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोटों में तब्दील हुए, जिससे पार्टी को तीन सीटों पर जीत हासिल हुई।

उन्होंने कहा कि चुनाव में माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ को हार का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस-नीत यूडीएफ ने सत्ता में वापसी की। चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित किए गए।

कझाकूट्टम सीट से अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए मुरलीधरन ने कहा कि राज्य में पिछले 10 वर्षों में पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।

कझाकूट्टम राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां टेक्नोपार्क स्थित है। उन्होंने कहा कि राजधानी के विकास की योजना बनाते समय इस क्षेत्र को भी शामिल किया जाना चाहिए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शबरिमला सोना विवाद ने और इस तथ्य ने भी भाजपा के पक्ष में वोट दिलवाए कि यह घटना तब हुई जब कझाकूट्टम से माकपा के उम्मीदवार कदकम्पल्ली सुरेंद्रन देवस्वओम मंत्री थे।

मुरलीधरन ने कझाकूट्टम सीट पर 428 वोटों के अंतर से सुरेंद्रन को हराया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा तीन सीटें जीतना केरल की लंबे समय से चली आ रही द्विध्रुवीय राजनीति में बदलाव का संकेत है।

उन्होंने कहा कि अब भाजपा विधानसभा में विकास के मुद्दों पर मजबूत तरीके से अपनी बात रख सकेगी और पार्टी तथा राजग के खिलाफ होने वाली आलोचनाओं का जवाब भी दे सकेगी।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, 140 सदस्यीय विधानसभा में यूडीएफ ने 102 सीट और माकपा-नीत एलडीएफ ने 35 सीट जीती हैं।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में