‘डीडीएलजे’ के मशहूर दृश्य की शूटिंग वाले रेलवे स्टेशन को पर्यटन स्थल बनाने का अनुपम खेर का अनुरोध

Ads

'डीडीएलजे' के मशहूर दृश्य की शूटिंग वाले रेलवे स्टेशन को पर्यटन स्थल बनाने का अनुपम खेर का अनुरोध

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 06:05 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 06:05 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) अभिनेता अनुपम खेर उस रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर पुरानी यादें ताजा कीं जहां फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के ‘मशहूर’ दृश्य की शूटिंग हुई थी। खेर ने सरकार से उस जगह को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की अपील की।

फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ 1995 में रिलीज हुई थी और इसका निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था। फिल्म में काजोल और शाहरुख खान ने क्रमशः सिमरन और राज की भूमिका निभाई थी, जो यूरोप यात्रा के दौरान मिलते हैं और दोनों के बीच प्यार हो जाता है। हालांकि, राज को जब पता चलता है कि सिमरन की शादी कहीं और तय हो चुकी है, तो वह उसे और उसके पिता को मनाने के लिए भारत पहुंचता है।

‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में शामिल है। इसकी कहानी, कलाकारों के अभिनय और गीतों को काफी सराहना मिली और यह फिल्म रिलीज के दशकों बाद भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।

फिल्म का ट्रेन वाला दृश्य, जिसमें राज अपना हाथ बढ़ाता है और सिमरन भागते हुए ट्रेन की ओर आती है, वर्षों से दर्शकों की स्मृतियों में बसा हुआ है। इस दृश्य को बाद में कई फिल्मों में दोहराया भी गया।

खेर ने फिल्म में शाहरुख खान के पिता धर्मवीर की भूमिका निभाई थी। उन्होंने सोमवार को अपने ‘इंस्टाग्राम अकाउंट’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अप्टा रेलवे स्टेशन पर दिखे।

अभिनेता ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि दुनिया भर का हर भारतीय फिल्म के उस ट्रेन वाले दृश्य को जानता है और याद करता है। वह वीडियो में कहते सुनाई देते हैं, “मैं एक रेलवे स्टेशन पर आया हूं। यहां एक प्रतिष्ठित फिल्म का प्रतिष्ठित दृश्य शूट किया गया था। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास का हिस्सा है, जिसे दुनिया भर के हर भारतीय ने देखा और याद रखा होगा। यह दृश्य ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का है। यह वैसा ही है जैसे ‘द गॉडफादर’ के किसी दृश्य के लिए सिसिली जाना। ये सभी जगह प्रतिष्ठित हैं। मुझे इस प्रतिष्ठित फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए यश जी (यश चोपड़ा) और आदि (आदित्य चोपड़ा) का आभारी हूं।”

अभिनेता ने कैप्शन में लिखा कि शूटिंग के दौरान कलाकारों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि वे हिंदी सिनेमा के इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले हैं। उन्होंने सरकार से इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की अपील भी की।

भाषा राखी अमित

अमित