आईआईटी रुड़की में शोध कर रहे नैनीताल के छात्र का शव गंगनहर में मिला, आत्महत्या की आशंका

Ads

आईआईटी रुड़की में शोध कर रहे नैनीताल के छात्र का शव गंगनहर में मिला, आत्महत्या की आशंका

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 07:27 PM IST

हरिद्वार, 11 मई (भाषा) भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की में शोध कर रहे नैनीताल के एक छात्र का शव हरिद्वार में गंगनहर से बरामद हुआ है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में आसफनगर झाल पर रविवार देर रात गंगनहर से एक शव बरामद होने की सूचना मिली थी, जिसकी शिनाख्त बाद में आईआईटी रुड़की के शोधार्थी मोहित आर्य (40) के रूप में हुई, जो नैनीताल का रहने वाला था।

हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (देहात) शेखर चंद सुयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आईआईटी रुड़की में इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग में शोध कर रहा मोहित पिछले तीन-चार दिन से लापता था, लेकिन उसकी गुमशुदगी के सिलसिले में पुलिस या उसके परिजन को कोई सूचना नहीं थी।

सुयाल ने कहा कि छठे सेमेस्टर के छात्र की मौत प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि शव पर किसी चोट या हमले के निशान नहीं पाए गए हैं।

सुयाल के मुताबिक, मोहित के परिजन ने अभी उसकी मौत को लेकर किसी तरह के आरोप नहीं लगाए हैं, लेकिन पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि छात्रावास में मृतक के कमरे की तलाशी में पुलिस को एक नोटबुक मिली है, जिसमें लिखी बातें उसके आत्महत्या करने की तरफ इशारा करती हैं।

सुयाल के अनुसार, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि छात्र के लापता होने के बावजूद संस्थान या किसी अन्य स्तर पर पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी गई।

मोहित के परिसर से तीन-चार दिन से लापता होने के बावजूद पुलिस को इस सिलसिले में कोई सूचना नहीं दिए जाने के सवाल पर आईआईटी रुड़की के मीडिया प्रकोष्ठ की प्रभारी सोनिका सिंह ने कहा कि छात्र घूमने आदि के लिए अक्सर तीन-चार दिन के लिए छात्रावास से बाहर जाते हैं और यह एक सामान्य बात है।

उन्होंने कहा कि छात्र लापता है, इसके बारे में किसी को नहीं पता था और न ही उसके परिजन ने इस सिलसिले में कोई शिकायत की थी।

सिंह ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि संस्थान मामले की जांच में पूरा सहयोग करेगा।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल