शिमला, 28 मई (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद अनुराग ठाकुर अपने परिवार के सदस्यों के साथ बृहस्पतिवार को समीरपुर पंचायत के मतदान केंद्र पर पहुंचे और हिमाचल प्रदेश पंचायती राज चुनाव में अपना वोट डाला। उन्होंने जोर देकर कहा कि रुझान भाजपा के पक्ष में हैं।
ठाकुर ने कहा कि लोग पंचायत चुनावों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकालने के लिए कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से चुनावों में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पंचायती राज लोकतंत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें 50 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि नव निर्वाचित प्रतिनिधि विकास का एक नया अध्याय लिखेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में दूसरे चरण में 1,276 पंचायतों के लिए दोपहर एक बजे तक 61.67 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और बूथों के बाहर अपना पहला मतदान करने वालों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों की भी लंबी कतारें लगी रहीं।
दोपहर एक बजे तक सिरमौर जिले में सबसे अधिक 70.32 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लाहौल-स्पीति में सबसे कम 53.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मंडी जिले की धवाहन पंचायत में पहली बार मतदान करने वाली सरिता ने कहा, “मैंने विकास के लिए वोट दिया है। गांव में पुस्तकालय खोलने की जरूरत है ताकि छात्र पढ़ाई कर सकें और जीवन में सफल हो सकें। सड़कों की हालत भी खराब है।”
कुल 17,30,300 मतदाता, जिनमें 8,55,597 महिलाएं, 8,74,416 पुरुष और तीसरे लिंग के 17 लोग शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
पहले चरण में 1,293 पंचायतों के लिए मतदान मंगलवार को हुआ, जिसमें 78.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शेष 1,274 पंचायतों के लिए तीसरे और अंतिम चरण में मतदान 30 मई को होगा।
ब्लॉक समिति और जिला परिषद सदस्यों और चार नगर निगमों को छोड़कर, जिनके परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे, बाकी सभी चुनावों के लिए मतदान के तुरंत बाद वोटों की गिनती शुरू कर दी गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चंबा के तिस्सा ब्लॉक के समवाल पंचायत के वार्ड नंबर दो के चुनाव 30 मई को होंगे। इस चुनाव को नियमों के उल्लंघन के कारण स्थगित कर दिए गया था।
चुनाव अलग-अलग रंगों वाले मतपत्रों के माध्यम से हो रहे हैं – वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधानों के लिए पीला, प्रधानों के लिए हरा, पंचायत समिति के सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीला।
तीन चरणों में होने वाले चुनावों में लगभग 50.89 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं, जिनमें 31,182 जन प्रतिनिधियों, 3,754 प्रधानों, 3,754 उप-प्रधानों, 21,654 वार्ड सदस्यों, पंचायत समिति के 1,769 सदस्यों और 251 जिला परिषद सदस्यों का चुनाव किया जाएगा।
भाषा तान्या संतोष
संतोष