चंडीगढ़, सात मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश के बहादुर सैनिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन किया।
सैनी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर कहा कि यह दिन सभी नागरिकों के लिए गौरव, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “एक साल पहले, हमारे बहादुर सैनिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ अदम्य साहस, वीरता और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता साबित की।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस गौरवपूर्ण अवसर पर मैं सेना के सभी बहादुर सैनिकों, उनके परिवारों और सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”
पहलगाम में गत वर्ष 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
भारत ने इसके जवाब में पिछले साल सात मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए गए।
इस कार्रवाई से तनाव बढ़ गया और पाकिस्तान ने जवाबी हमले किए हालांकि इनमें से अधिकतर हमलों को भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया।
दोनों पक्षों के हुई बातचीत के बाद 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनने के साथ ही संघर्ष समाप्त हो गया।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव